नैनीताल: नैनीताल में ट्रैकिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चाइना पीक क्षेत्र में ट्रैकिंग कर रहे एक युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत रेस्क्यू के लिए रवाना हुई।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद से कुछ युवक नैनीताल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान मानपुर निवासी 24 वर्षीय साजिद अपने दोस्तों के साथ चाइना पीक ट्रैक पर गया था। ट्रैकिंग के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कठिन रास्तों के बीच युवक तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को खाई से बाहर निकालकर स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक लाया गया।
प्राथमिक जांच में युवक के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रेस्क्यू टीम ने पर्यटकों और ट्रैकिंग करने वालों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैकिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें और जोखिम वाले स्थानों पर सतर्क रहें।
