नैनीताल : ऐतिहासिक जिमखाना फ्लैट्स मैदान में आयोजित स्वर्गीय एनके आर्य मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। खिताबी मुकाबले में मक्कार स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नैनी माउंट अचीवर टीम को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नैनी माउंट अचीवर ने निर्धारित 20 ओवर में 124 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मक्कार स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 16 ओवर के भीतर 9 विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली।
विजेता टीम को 1 लाख 25 हजार रुपये की नगद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं तीसरे स्थान पर रही विहान और माउंटेन वॉरियर टीमों को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने नितिन कुमार को ट्रॉफी के साथ 15 हजार रुपये का इनाम दिया गया। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, विकेटकीपर और फील्डर को भी नगद पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का काम करती हैं।
