रुद्रपुर: उधम सिंह नगर पुलिस ने आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। गदरपुर पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली गदरपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज क्षेत्र में एक खोखे के पास कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में नकली नोटों की गड्डियां मिलीं। जांच में सामने आया कि कई गड्डियों में ऊपर 500 रुपये के असली नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट रखे गए थे। आरोप है कि इस तरीके का इस्तेमाल लोगों को झांसा देकर नकली नोटों को असली बताकर चलाने के लिए किया जा रहा था।
.
.
बरामदगी के दौरान पुलिस ने एक काले और सफेद रंग के बैग से 157 बंडल नकली नोट भी बरामद किए। कुल बरामद रकम का मूल्य लगभग 4.54 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी बाजपुर और मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी गूलरभोज, गदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है और इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की योजना बनाई जा रही थी।
उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने कहा कि जिले में आर्थिक अपराध, नकली नोटों के कारोबार और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई को जिले में आर्थिक अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
