रुद्रप्रयाग: जिले के ऊखीमठ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि UK13B-4293 (सिलेरियो) कार सड़क से लगभग 50 फीट नीचे खाई में गिरकर एक पेड़ पर अटक गई थी। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि कार बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग-उथिंड गांव की ओर जा रही थी। रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
महेन्द्र सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह (42 वर्ष), संगीता देवी (32 वर्ष)
पांच लोग घायल
रेशमा देवी , दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष), वैभव (10 वर्ष)
घायलों का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में घायल और मृतक सभी लोग उथिंड गांव के निवासी हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
