नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। शाम को शुरु तेज़ बारिश ने शहर के मौसम को पूरी तरह बदल दिया और पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
बारिश शुरू होते ही नैनीताल की पहाड़ियां घने बादलों की चादर में लिपट गईं। तल्लीताल और मल्लीताल समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम बेहद सुहावना हो गया। नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटकों ने भी ठंडे मौसम और बारिश का जमकर आनंद लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और धूप के बीच हुई बारिश किसी राहत से कम नहीं है। मौसम में आए बदलाव का असर बाजारों और पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के लिए 30 और 31 मई को आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में 1 और 2 जून तक बादल छाए रहने, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद भी मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना कम है और बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
