कैंची धाम मेले से पहले अलर्ट मोड में नैनीताल पुलिस-SSP ने जारी किए सख्त निर्देश
हल्द्वानी: आगामी पर्यटन सीजन, ग्रीष्मकालीन छुट्टियों और विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी कोतवाली सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बॉटलनेक, बैरियर, डाइवर्जन और पार्किंग स्थलों पर स्वयं मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ पुलिस कर्मी शालीन और सौम्य व्यवहार करें। वहीं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, हुड़दंग करने वाले या दबंगई दिखाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में CCTNS को शत-प्रतिशत अपडेट रखने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, CEIR पोर्टल के माध्यम से खोए मोबाइल फोन की रिकवरी बढ़ाने और साइबर शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही e-Sakshya और i-RAD ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गोष्ठी के दौरान अप्रैल 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें विशेष रूप से लंबित मामलों और मालों के निस्तारण में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों की सराहना की गई।
