उत्तराखंड आ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी.
उत्तराखंड आ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी.
अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिमकनी मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा के लिए मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंगलवार को सभा स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल , नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जनसभा में पहुंचने की संभावना है। पार्टी नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की यह सभा संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति को भी मजबूती प्रदान करेगी।
सभा स्थल पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के विभिन्न मुद्दों पर जनता की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी के स्वागत के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।
