हरिद्वार: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम दोस्तों के साथ दावत में गए एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुई। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के लिए मुजफ्फरनगर ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर जट निवासी सौरभ (22) को उसके परिचित सुमित, निवासी केलनपुर (पुरकाजी), ने दावत के लिए बुलाया था। सौरभ अपने दोस्तों डिंपल और आशीष के साथ बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद सुमित लघुशंका का बहाना बनाकर वहां से चला गया। इसके बाद अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न मौके पर बाइक से पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान प्रद्युम्न ने कथित तौर पर देसी तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी।
गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल सौरभ को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सौरभ की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उसके दो छोटे बेटे हैं। वह मंडावली स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
