नंदा की चौकी पुल धंसा
देहरादून: राजधानी देहरादून में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया नंदा की चौकी स्थित पुल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल पर महज 16 दिन पहले ही यातायात शुरू किया गया था, लेकिन लगातार बारिश के बीच पुल की एप्रोच रोड धंस जाने से आवाजाही रोकनी पड़ी। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रारंभिक जानकारी में पुल के ऊपर बड़ा गड्ढा बनने की बात सामने आई थी, हालांकि प्रेमनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्य पुल सुरक्षित है और क्षति पुल के पास बनी एप्रोच रोड में हुई है। भारी बारिश के कारण एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह जाने से सड़क धंस गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर वाहनों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 जुलाई को टौंस नदी के तेज बहाव में यहां बनाई गई अस्थायी ह्यूम पाइप पुलिया बह गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने तेजी से कार्य करते हुए मुख्य पुल को तैयार किया और 12 जुलाई से यातायात शुरू कराया था। लेकिन पहली ही मानसूनी बारिश में एप्रोच रोड धंसने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तीन घंटे के भीतर एप्रोच रोड बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियंता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं तथा रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, पुल पूरी तरह सुरक्षित है और केवल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुई है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
