RTO कार्यालय में फायरिंग से मचा हड़कंप
हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय में मंगलवार को कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद कथित तौर पर गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा लगी। घटना के बाद कुछ देर तक परिसर में अफरा तफरी और सनसनी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक कर्मचारी पर कथित रूप से गोली चलाने का आरोप है। फायरिंग की घटना के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कर्मचारियों के बीच के बाद किस बात को लेकर हुआ और आखिर किन परिस्थितियों में गोली चली।
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस आरोपी कर्मचारी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही फायरिंग के पीछे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगी।

