नैनीताल। सरोवर नगरी में होने वाले ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। महोत्सव में लगने वाली दुकानों और झूलों की व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। टेंडर ठाकुर जी इंटरप्राइजेज के नाम के हुआ है। फर्म ने 96 लाख 70 हजार 999 रुपए की बोली लगाई थी। वहीं आयुष इंटरप्राइजेज , टिहरी ने 94 लाख 50 हजार 151 रुपए की बोली लगाई।
टेंडर प्रक्रिया के दौरान हिमाचल प्रदेश की जेनिथ इवेंट एंड सर्विसेज की तकनीकी पात्रता लेकर आपत्ति सामने आई थी। समिति ने फर्म की तकनीकी पात्रता और दस्तावेजों की जांच की, जिसके बाद उसे तकनीकी रूप से अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद अन्य पात्र फर्मों की वित्तीय निविदा प्रकिया पूरी की गई।
महोत्सव में लगाए जाने वाले झूलों के शुल्क भी तय कर दिए गए हैं। छोटे झूले के लिए 25 रूपये और बड़े झूले के लिए 50 रुपए निर्धारित किए गए है। इससे मेले में पहुंचने वाले लोगों को झूलों के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी पहले से रहेगी।
नंदा देवी महोत्सव 16 सितंबर से शुरू होना है। महोत्सव को लेकर अब आयोजन स्थल पर दुकानों, झूलों समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।
इसी कड़ी में लाइट, गेट और पंडाल की व्यवस्था के लिए 7 सितंबर को टेंडर प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके बाद महोत्सव स्थल की साज सज्जा और अन्य तैयारियों को तेजी से पूरा किया जाएगा। दुकानों और झूलों का टेंडर होने के बाद अब महोत्सव की तैयारियों को और गति मिलने की उम्मीद है ।

