नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल बुधवार को मां नंदा की भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई। श्री राम सेवक सभा के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय 124वें श्री मां नंदा देवी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने महोत्सव का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अजय भट्ट ने कहा कि संस्कृति हमारी पहचान और जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने मां नंदा देवी से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
विधायक सरिता आर्य ने कहा कि मां नंदा देवी की आस्था उत्तराखंड की परंपराओं और संस्कृति में गहराई से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि मां नंदा हमें हिमालय, प्रकृति और ऊर्जा से जोड़ने का संदेश देती हैं।
समारोह के दौरान श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने गणेश वंदना और मां नंदा की स्तुति प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं मेलाधिकारी ने महोत्सव में आने वाले लोगों से नगर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने आभूषणों और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहने को कहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सभा के महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद पंडित भगवती प्रसाद जोशी ने मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना कराई।
महोत्सव की परंपराओं के तहत प्रकृति प्रेमी यशपाल रावत की ओर से उपलब्ध कराए गए 21 पौधों की पूजा की गई। इसके बाद अतिथियों ने लाल और सफेद ध्वज कदली दल को सौंपे। कदली दल को पारंपरिक प्रक्रिया के तहत मंगोली गांव के लिए रवाना किया गया। अतिथियों को मां नंदा-सुनंदा का चित्र भी भेंट किया गया।
उद्घाटन समारोह से पहले गोलघर में छोलिया दल की पारंपरिक धुनों के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया। उन्हें चुन्नी और टोपी पहनाई गई। इसके बाद सभी अतिथि शोभायात्रा के माहौल में सभा भवन पहुंचे, जहां तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट, मीनाक्षी कीर्ति, नवीन पांडे और प्रो. ललित तिवारी ने किया। समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा और दिनेश आर्य, सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, अपर पुलिस अधीक्षक आरडी मठपाल, सीओ अंजना नेगी, सभा अध्यक्ष मनोज साह समेत जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और सभा से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

