रामनगर: रामनगर में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों स्कॉर्पियो से नैनीताल घूमने जा रहे थे। इसी दौरान पीरूमदारा के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई।
हादसा 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच नेशनल हाईवे-309 पर पीरूमदारा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी डॉ. शीतल यादव के साथ काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे उपखनिज से लदे डंपर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यतीश और उनकी पत्नी वाहन के भीतर फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल डॉ. शीतल यादव को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर रेफर कर दिया गया।
चार महीने पहले ही हुई थी शादी
यतीश यादव उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा क्षेत्र के निवासी थे। वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ ही एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव पेशे से चिकित्सक हैं।
बताया गया कि दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों नैनीताल घूमने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। यतीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया।
पिता ने डंपर चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे की सूचना मिलने के बाद यतीश के परिजन रामनगर पहुंचे। उनके पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उपखनिज से लदा 22 टायरा डंपर ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आ गया, जिससे सामने से आ रही स्कॉर्पियो की उससे टक्कर हो गई।
पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि यतीश यादव के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



