Oplus_16908288
नैनीताल। तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम समेत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। बीते शुक्रवार को ही करीब एक लाख पर्यटकों के नैनीताल जिले में पहुंचने की जानकारी सामने आई है। अब वीकेंड खत्म होने के साथ पर्यटकों की भारी वापसी को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
शनिवार को यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी खुद सड़क पर उतरे। एसएसपी अधीनस्थ पुलिसकर्मी की बुलेट पर सवार होकर काठगोदाम से भीमताल तिराहे तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़क पर वाहनों के दबाव और पुलिस की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अधीनस्थ की बुलेट पर निकले एसएसपी, दिए जरूरी निर्देश: एसएसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से यातायात व्यवस्था की जानकारी ली और पर्यटकों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में इस समय बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं और शनिवार देर शाम से रविवार तक पर्यटकों की वापसी का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटकों की वापसी के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान: पुलिस ने पर्यटकों की सुचारू वापसी के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत शनिवार शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक नैनीताल और भीमताल से बाहर निकलने वाले वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं रविवार को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक बाहर निकलने वाले वाहनों को प्राथमिकता से निकाला जाएगा, ताकि वापसी के दौरान यातायात का दबाव कम किया जा सके।
वापसी के समय नैनीताल या भीमताल की ओर जाने वाले नए पर्यटकों को फतेहपुर से वाया पटवाडांगर और कालाढूंगी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शटल सेवा से कम किया जाएगा निजी वाहनों का दबाव: पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच निजी वाहनों का दबाव कम करने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। इसके जरिए पर्यटकों को प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम रहे और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
शनिवार और रविवार को पर्यटकों की भारी आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ ही पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करना है।



