नैनीताल। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने के साथ ही कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ सकती है। कई स्थानों पर हल्का पाला गिरने के भी आसार जताए जा रहे हैं।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में रात के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और चंपावत समेत अन्य जिलों में भी आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर तेज हो सकता है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ने के संकेत हैं। ऐसे में सुबह और शाम घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी जा रही है।



