ट्रक ने कार को कई मीटर तक घसीटा
ट्रक ने कार को कई मीटर तक घसीटा
रुद्रपुर:: जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब काशीपुर रोड पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक कार को कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि कार में सवार महिला, बच्ची और परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से चल रहा था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी ट्रक नहीं रुका और कार को काफी दूर तक घसीटता रहा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय कार में एक महिला, एक बच्ची और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। दुर्घटना के बाद कार सवार दहशत में आ गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में आकर कार को टक्कर मारता है और उसे आगे तक घसीटता रहता है। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
