हल्द्वानी: काठगोदाम क्षेत्र में स्थित कलसिया पुल के पुनर्निर्माण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से पुल निर्माण क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को खाली कराया।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा मौके पर मौजूद रहे। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने भी कार्रवाई की निगरानी की।
अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े कलसिया पुल के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए निर्धारित क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक था। संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वयं कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध निर्माणों और कब्जों को हटाया।
कलसिया पुल कुमाऊं के छह पर्वतीय जिलों को मैदानी क्षेत्रों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। फिलहाल यहां यातायात व्यवस्था अस्थायी बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि स्थायी पुल के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी तथा लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि मानसून से पहले पुल निर्माण कार्य को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परियोजनाओं में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
