देहरादून। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल और मेडिकल टेस्ट का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण 27 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षण उत्तराखंड के सभी जिलों में निर्धारित केंद्रों पर संपन्न होंगे।
सेना भर्ती के पहले चरण में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा के माध्यम से मानसिक दक्षता का परीक्षण किया गया था। अब सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा।
फिजिकल टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके बाद चिन-अप (बीम) और बैलेंसिंग टेस्ट भी आयोजित किए जाएंगे। सभी चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए पात्र माना जाएगा।
फिजिकल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण भी किया जाएगा। मेडिकल जांच के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ नाक, कान और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की जाएगी।
सेना की ओर से अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
