कोटद्वार । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के चलते रद्द हो गया है। राहुल गांधी गुरुवार को सुबह पंतनगर पहुंचे जहां से उनको हेलीकॉप्टर से माध्यम से अल्मोड़ा में जनसभा और पौड़ी कोटद्वर के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि मौसम खराब होने की वजह से उनकी उड़ान नहीं हो पाई और उनको अपना दौरा स्थगित करना पड़ा।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि वह प्रदेश के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं, उम्मीदें और चिंताओं को समझना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंड की वर्तमान परिस्थितियों, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों तथा प्रदेश के भविष्य से जुड़े विषयों पर लोगों से चर्चा करनी थी, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
राहुल गांधी ने बताया कि पंतनगर पहुंचने के बाद अल्मोड़ा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होने की तैयारी थी, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रकृति के आगे सभी को विनम्र रहना पड़ता है।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि परिस्थितियां भले ही अनुकूल नहीं रहीं, लेकिन उत्तराखंड के लोगों से मिलने की उनकी इच्छा कम नहीं हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही फिर उत्तराखंड आएंगे और इस बार लोगों के बीच बैठकर विस्तार से संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम में पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक भी प्रस्तावित थी। इसके अलावा कोटद्वार में दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक से मुलाकात का कार्यक्रम भी तय था। बताया जा रहा था कि वह सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए भी जा सकते थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण सभी कार्यक्रम रद्द करने पड़े।
गौरतलब है कि दीपक कुमार का नाम इसी वर्ष जनवरी में एक वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आया था। बाद में राहुल गांधी ने उनसे दिल्ली में मुलाकात की थी और उन्हें इंसानियत की मिसाल बताते हुए समर्थन जताया था।
