कांवड़िए को गोली मारने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवराज, आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग बनाकर लोगों को डराने-धमकाने और दबंगई दिखाने का काम करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 31 मई की रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक श्रद्धालु को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है।
जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए चार कांवड़ यात्रियों की कुछ बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हरियाणा के पानीपत निवासी अजय को गोली मार दी।
घायल अजय को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे AIIMS Rishikesh रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले मुख्य आरोपी शिवराज को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई। बाद में तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
शिवराज पुत्र जबर सिंह (20 वर्ष), जगजीतपुर, कनखल
आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार (20 वर्ष), जगजीतपुर, कनखल
हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार (22 वर्ष), जगजीतपुर
वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता, जगजीतपुर
पुलिस का कहना है कि फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
