हरिद्वार/ मंगलौर: कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट गांव में 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने अपने पति और उसके दोस्त पर बेटी को जबरन घर से ले जाने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बेटी की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर उसका पति नाराज था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्रह्मपुर जट निवासी रीटा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी सबसे छोटी बेटी तन्नू (13) करीब डेढ़ माह से अपने मामा के घर ग्राम कल्लरपुर कछौली, जिला मुजफ्फरनगर में रह रही थी। कुछ समय पहले वह वापस घर आई थी।
महिला के मुताबिक, बेटी के वापस आने के बाद उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता उस पर शक करने लगा था। आरोप है कि वह बेटी के किसी लड़के से बातचीत करने को लेकर नाराज रहता था।
रीटा के अनुसार, 16 अगस्त को तन्नू ने अपने पिता के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर अपनी फोटो अपलोड की थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर धनेश्वर नाराज हो गया।
महिला ने बताया कि उसी शाम धनेश्वर अपने दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला के साथ घर आया। दोनों ने कथित तौर पर शराब पी। रात में मामला शांत रहा, लेकिन अगले दिन तड़के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
महिला के मुताबिक, अगले दिन सुबह करीब चार बजे धनेश्वर और उसका दोस्त आशीष कथित तौर पर तन्नू को जबरन घर से बाहर ले जाने लगे। आवाज सुनकर रीटा और उसकी दूसरी बेटी राधिका जाग गईं।
रीटा का आरोप है कि उन्होंने दोनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और तन्नू को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
रीटा के अनुसार, जाते समय उसके पति ने कथित तौर पर कहा कि बेटी ने परिवार को बदनाम किया है और उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
महिला का दावा है कि करीब एक घंटे बाद दोनों वापस लौटे। जब उसने बेटी के बारे में पूछा तो पति ने कथित तौर पर कहा कि उसने बेटी को मार दिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
हालांकि, किशोरी के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
महिला ने अपने पति को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने का भी दावा किया है। उसने पुलिस से अपनी बेटी का पता लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किशोरी के संबंध में सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश के साथ ही आरोपों की सत्यता और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

