एआई इमेज
एआई इमेज
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटे से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं नैनीताल और देहरादून में रविवार सुबह तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा अल्मोड़ा और चमोली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर की भी संभावना जताई है।
इधर, खराब मौसम के बीच हरिद्वार जिले से दुखद खबर भी सामने आई है। शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर खेतों में काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नगिन (53) निवासी डालूवाला मजबता और रणधीर सिंह (42) निवासी खाला टीरा के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजधानी देहरादून में भी रविवार सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में भारी बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट रहेगा, जबकि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
