बागेश्वर प्रधानाचार्य हत्याकांड,
बागेश्वर: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य की हत्या के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ सहायक को लेकर अब स्थानीय लोगों के कई दावे सामने आए हैं। ग्रामीणों और आसपास के दुकानदारों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से असामान्य था और इसी वजह से लोग उससे दूरी बनाकर रखते थे। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी विद्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर कठपुड़ियाछीना मार्ग स्थित एरियागाड़ में किराये के कमरे में अकेला रहता था। उनका कहना है कि उसके व्यवहार के कारण स्कूल के आसपास किसी ने उसे कमरा किराये पर नहीं दिया। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि वह कई बार असामान्य वेशभूषा में दिखाई देता था, जिसके चलते क्षेत्र में उसके बारे में तरह-तरह की चर्चाएं होती थीं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घटना से पहले करीब एक सप्ताह तक आरोपी चाकू लेकर विद्यालय आता था। हालांकि उस समय किसी ने इसकी औपचारिक शिकायत नहीं की। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले राजकीय इंटर कॉलेज बदियाकोट में तैनात था और लगभग दो वर्ष पहले उसका तबादला भटखोला विद्यालय में हुआ था।
क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि आरोपी अक्सर उनसे अभद्र व्यवहार करता था और छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगता था। इसी कारण कई दुकानदार उससे दूरी बनाए रखते थे।
स्थानीय दुकानदार कमल सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन भी आरोपी उनकी दुकान पर अंडे खरीदने पहुंचा था। जब उसे प्रति अंडा नौ रुपये कीमत बताई गई तो वह नाराज हो गया और कहने लगा कि उसके यहां अंडा चार रुपये में मिलता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। दुकानदार का कहना है कि आरोपी का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर लोगों से उलझ जाता था।
उधर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की घटना और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और संभावित कारणों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
नोट: इस खबर में आरोपी के व्यवहार से जुड़े सभी दावे स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से हैं। इनकी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
