देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में गर्जना और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 26 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील भी की है।
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की सड़क व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। भूधंसाव और भूस्खलन के चलते सोमवार तक प्रदेश में कुल 98 सड़कें बंद रहीं। इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य राजमार्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
देहरादून जिले में देहरादून-मसूरी राज्य मोटर मार्ग भूधंसाव के कारण बंद हो गया है। जिले में कुल 10 सड़कें प्रभावित हैं। चमोली में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग मलबा आने से बंद है, जबकि 25 ग्रामीण सड़कें भी बाधित हैं।
इसके अलावा अल्मोड़ा में सात, बागेश्वर में 10, रुद्रप्रयाग में सात, पिथौरागढ़ में 14, नैनीताल में एक राज्य मार्ग और पांच ग्रामीण सड़कें, उत्तरकाशी में दो, चंपावत में तीन तथा टिहरी में नौ ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं। सड़कें बंद होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोगों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
