देहरादून: उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक लगातार बारिश के चलते कई जगह जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आईं। वहीं, राजधानी देहरादून में लगातार बारिश के बाद तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार के लिए भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कम समय में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर कुमाऊं क्षेत्र में देखने को मिला। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाडली के पास अतिसंवेदनशील पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से हाईवे तीन घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री जाम में फंस गए।
इसी दौरान पास की पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर जागेश्वर से लौट रहे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें लेने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी से रवाना हुई 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। बाद में दूसरे वाहन से दोनों घायलों को सीएचसी भवाली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मलबा हटाने के लिए मशीनें समय पर नहीं पहुंचीं। काफी देर तक राहत कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कई यात्री खुद ही सड़क पर गिरे पत्थरों को हटाने में जुट गए। बाद में तीन लोडर मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया और शाम करीब छह बजे यातायात बहाल हो सका।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों, नदियों और बरसाती नालों के आसपास जाने से परहेज करें। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
