नैनीताल: मल्लीताल पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक व्यक्ति की जान बच गई। घरेलू विवाद से परेशान होकर आत्महत्या के इरादे से नैनीताल पहुंचे युवक को पुलिस ने समय रहते रोक लिया और समझाइश देकर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे मल्लीताल पुलिस नियमित रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में क्षेत्र में घूमता नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह भावुक होकर रोने लगा।
बाजपुर निवासी राजू ने पुलिस को बताया कि उसके भाई ने उसके बेटे पर चोरी का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया। गुस्से में उसने अपने बेटे की पिटाई कर दी, जिसके बाद परिवार में तनाव बढ़ गया। मानसिक रूप से परेशान होकर वह घर से बाइक लेकर निकल पड़ा और बिना सोचे-समझे नैनीताल पहुंच गया।
पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह नैनीताल झील में कूदकर आत्महत्या करने का फैसला कर चुका था। यह सुनते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए उससे बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया।
मल्लीताल थाने के एसआई मोहम्मद युनूस और पुलिस टीम ने युवक की काउंसिलिंग की तथा उसके परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर युवक का साला नैनीताल पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक समझाइश देकर युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
