बस पलटने से महिला की मौत और 31 घायल
हरिद्वार: सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि बस से टकराने के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि हादसे के समय ढाबे में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
हादसे के समय बस में कुल 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में राजस्थान के नागौर जिले की एक महिला यात्री की मौत हो गई। वहीं 31 लोग घायल हो गए, जिनमें 24 महिलाएं, 5 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। वाहन को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
