देहरादून: जौनसार-बावर क्षेत्र की कालसी तहसील के कचटा गांव में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक ग्रामीण ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गर्दन पर पाठल से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। राजस्व पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कमरे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पत्नी नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर बरामदे की ओर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान पति मनोज ने वहां रखे पाठल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में नीलम गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के समय घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल ने चीखने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर वह कमरे से बाहर आई तो आरोपी पत्नी पर हमला करने के बाद उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो चुका था। किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों और अन्य ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कालसी रवींद्र असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल राजस्व पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने शव को कब्जे में लिया और मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद किया।
बताया गया कि नीलम की शादी करीब चार साल पहले मनोज के साथ हुई थी। मनोज गांव में अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी का काम करता है। गुरुवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई।
राजस्व पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद किशोरी के बयान दर्ज किए। इसके अलावा परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई है।
घटना के बाद से आरोपी मनोज फरार है। राजस्व पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वारदात से गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



