देहरादून: उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में पंचायत स्तर के रिक्त पदों पर चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी है। हरिद्वार जिले को छोड़कर राज्य के अन्य 12 जिलों में खाली पड़े ग्राम पंचायत सदस्य और उप प्रधान के पदों के लिए 15 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के साथ चुनाव का पूरा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है।
आयोग के अनुसार, इस चुनाव की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी होगी। नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही कराई जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि उप प्रधान के चुनाव उत्तर प्रदेश पंचायत राज (सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखंड में लागू) के प्रावधानों के तहत कराए जाएंगे। इसके लिए संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने स्तर पर 7 जुलाई को विस्तृत सूचना जारी करेंगे। इसकी प्रति राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेजी जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम की जानकारी ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में भी सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाएगी, ताकि मतदाताओं और उम्मीदवारों को समय पर पूरी जानकारी मिल सके।
आयोग के अनुसार, नामांकन पत्रों की बिक्री 8 जुलाई से 14 जुलाई तक क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। वहीं 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में भी नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक – नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
- सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक – नामांकन पत्रों की जांच होगी।
- दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक – नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है।
- दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक – चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
- दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक – मतदान कराया जाएगा।
- शाम 4:00 बजे से – मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित होने तक प्रक्रिया जारी रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि सभी चुनावी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से कराई जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
