एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। पर्वतीय क्षेत्रों में कम समय में तेज बारिश होने से भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सोमवार को हुई बारिश ने प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में नेगल गाड़ पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे तीजम और उमचिया गांवों का संपर्क टूट गया। पुल बहने के बाद ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तरकाशी जिले में भी बारिश का असर देखने को मिला। गंगोत्री हाईवे पर डबरानी और नेताला के पास पहाड़ी से मलबा और कीचड़ आने के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। वहीं यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन होने से करीब पांच घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। बाद में प्रशासन और संबंधित विभागों ने मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा खोल दिया।
राजधानी देहरादून में भी सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए हैं और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। 8 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 9 जुलाई को मानसून और अधिक सक्रिय रह सकता है, जिसके चलते कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं 10 जुलाई को कुमाऊं मंडल के अधिकांश और गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा जानकारी जरूर लें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें।

