नैनीताल। कुमाऊं अंचल के अलग-अलग जिलों में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई तो कहीं धूप खिलने से मौसम सुहावना बना रहा। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में आसमान पर बादलों का डेरा है।
बागेश्वर में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने का अनुमान है। पिथौरागढ़ में भी हल्के बादलों के बीच कोहरा देखने को मिला।
वहीं, चंपावत में सुबह हल्के बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया।
सरोवर नगरी नैनीताल में सुबह से ही सुहावनी धूप खिली रही। इसके विपरीत मैदानी क्षेत्र रुद्रपुर में आसमान में बादल छाए हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
कुमाऊं के विभिन्न जिलों में मौसम की इस विविधता के चलते कहीं कोहरे का असर देखने को मिला तो कहीं धूप ने मौसम को खुशनुमा बनाए रखा।



